समाज कल्याण विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ संचालन पर विशेष जोर
खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में गुरुवार को उप विकास आयुक्त श्याम नारायण राम की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित विभिन्न कार्यों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन से संबंधित विषयों पर गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य जून माह तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के लिए जल छाजन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, विद्युत आदि सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में अब तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हित कर यथाशीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जा रही पोषाहार एवं अन्य सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग और ऑनलाइन पोषण ट्रैकर पर अद्यतन दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, रिक्त सेविका एवं सहायिका के पदों पर चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा टीएचआर के लाभार्थियों का एफआरए पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, सीडीपीओ समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।



