एफजेसीसीआई चुनाव में P-21 ने झोंकी ताकत, प्रशांत किशोर की रणनीति का दिया उदाहरण

रांची : झारखंड फेडरेशन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआई) के चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव मैदान में उतरी तीनों टीमें व्यापारियों को अपने पक्ष में करने के लिए जनसंपर्क और मतदाता संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जोर लगा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को टीम P-21 की ओर से स्थानीय अग्रसेन भवन में मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के कई चर्चित व्यापारी और चैंबर के मतदाता शामिल हुए।
कार्यक्रम में टीम P-21 के सदस्यों ने व्यापारियों से संवाद करते हुए अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना की जानकारी दी। टीम के सदस्यों ने कहा कि चैंबर को मजबूत बनाने के लिए युवा और ऊर्जावान नेतृत्व की जरूरत है। चुनाव में करीब 4200 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम में अनुभवी समाजसेवी पूनम आनंद ने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में नए और युवाओं को आगे आने का अवसर मिलना चाहिए। P-21 में नए और ऊर्जावान लोगों की टीम है। वहीं मनोज मिश्रा ने दावा किया कि मतदाताओं के रुझान को देखते हुए टीम की जीत तय है। उन्होंने कहा कि टीम के पास हिम्मत, जज्बा और काम करने की इच्छाशक्ति है। हमारा घोषणापत्र लंबा-चौड़ा नहीं, बल्कि काम पर केंद्रित है। पिछले छह वर्षों के अनुभव का लाभ व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में लगाया जाएगा।
उन्होंने चुनावी रणनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह प्रशांत किशोर ने अपनी रणनीति और जनसंपर्क के जरिए चुनावी माहौल को प्रभावित किया, उसी तरह P-21 भी लगातार मतदाताओं के बीच जाकर अपनी बात रख रही है और चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
कार्यक्रम में रंजीत टिबरेवाल, जय सिंह, मनोज चौधरी, मुकुल तनेजा, धर्मेंद्र तिवारी, अरुण बुधिया, बिंदल वर्मा समेत कई व्यापारी मौजूद थे। P-21 टीम में अमित पाठक, अमित सिंघानिया, अमित श्रीवास्तव, अनीश कुमार सिंह, अरूप नंदी, देवनंदन उरांव, पूनम आनंद, मनोज मिश्रा, मनोज सिंह, शैलेंद्र सुमन, प्रमोद श्रीवास्तव, मो. सलीम और सूरज सेठ समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन भारतेंदु ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *