बढ़ती जा रही पूजा सिंघल की मुश्किलें, झारखंड और बिहार में सात ठिकानों पर ईडी की रेड
रांचीः झारखंड कैडर की आइएएस पूजा सिंघल की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। मंगलवार की सुबह ईडी ने राजधानी रांची में छह और बिहार के मुजफ्फरपुर में एक जगह पर छापेमारी की जा रही है.
जानकारी के अनुसार साहेबगंज के डीएमओ विभूति कुमार से मिले इनपुट के बाद सुबह से ईडी बड़ी कार्रवाई में जुट गई है। झारखंड व बिहार के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। रांची में भगवती कंस्ट्रक्शन के अनिल झा के करीब छह ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। भगवती कंस्ट्रक्शन के अशोकनगर स्थित ठिकाने पर भी ईडी ने दबिश दी है। बताया जा रहा है कि अनिल झा के भगवती कंस्ट्रक्शन और पूजा सिंघल के बीच संबंध की जानकारी ईडी को मिली है।
इसके अलावा राजधानी रांची में विशाल चौधरी पर ईडी ने दबिश बढ़ा दी है। वह अशोक नगर रोड नंबर छह में रहता है। जानकारी के अनुसार विशाल चौधरी झारखंड के कई ब्यूरोक्रेट्स का करीबी है। सांसद निशिकांत दुबे ने आज की छापेमारी को लेकर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा है कि देखिए भैया हम देर से ट्वीट कर रहे हैं, आज जो छापा चल रहा है ईडी का वह झा जी और चौधरी जी पर चल रहा है, जो झारखंड के किसी राजा के यहां धन पहुंचाने के बिचौलिये थे. वहीं अनिल झा के यहां भी ईडी की रेड चल रही है। अनिल झा पर गिरफ्तार आइएएस पूजा सिंघल और खान विभाग में ऊपर तक काली कमाई पहुंचाने का आरोप है। खबर यह भी है कि अनिल झा के भाई और दुर्गा डेवलपर्स के मालिक दुर्गा झा और एक अन्य संबंधित के यहां भी छापेमारी कर रही है। दुर्गा डेवलपर्स का कार्यालय रांची के अरगोड़ा चौक के पास अशोक नगर, रोड नंबर पांच में है।



