भारत में पहली बार रांची में शुरू होगा हेलमेट के आकार का ‘हेल मग’ रेस्टोरेंट, झारखंड में 500 आउटलेट खोलने की योजना
रांची: राजधानी रांची में भारत का पहला हेलमेट के आकार का ‘हेल मग’ रेस्टोरेंट शुरू होने जा रहा है। डीपीएस पब्लिक स्कूल के सामने स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर गुरुवार को इसका उद्घाटन किया जाएगा। कंपनी की ओर से इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस रेस्टोरेंट का संचालन जीएस फास्ट फ्लाइट्स रेस्टोरेंट द्वारा किया जाएगा।
कंपनी के अधिकारी पवन ने बताया कि उनकी कंपनी देश के कई राज्यों में एयरो रेस्टोरेंट का संचालन कर रही है। इसी कड़ी में अब पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा पर हेलमेट के आकार वाले ‘हेल मग’ रेस्टोरेंट की शुरुआत की जा रही है। यह पूरी तरह से कियोस्क आधारित फास्ट फूड रेस्टोरेंट होगा, जहां ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस रेस्टोरेंट का लाभ केवल पेट्रोल पंप पर आने वाले ग्राहकों को ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी मिलेगा। उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। कंपनी को रांची में बेहतर प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है।
पवन के अनुसार, आने वाले दिनों में रांची में ऐसे 20 और पूरे झारखंड में करीब 500 हेल मग रेस्टोरेंट खोलने की योजना है। वहीं, कृष्णा कुमार ने बताया कि रांची में जल्द ही एयरो रेस्टोरेंट की भी शुरुआत की जाएगी। कंपनी का उद्देश्य पेट्रोल पंप और अन्य प्रमुख स्थानों पर लोगों को फास्ट फूड की सुविधा उपलब्ध कराना है।

