खूंटी में अफीम की अवैध खेती पर पुलिस सख्त, सभी थाना प्रभारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश
रांची: खूंटी जिले में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसको लेकर शनिवार को एसपी ऋसभ गर्ग की अध्यक्षता में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की गिरफ्तारी को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संभावित अफीम की खेती वाले इलाकों की पहचान करने और वहां नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें अफीम की खेती और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के दुष्परिणामों से अवगत कराने पर जोर दिया गया।
एसपी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध खेती की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफीम की अवैध खेती से जुड़ी किसी भी सूचना को गंभीरता से लिया जाए और इसकी पुष्टि होने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई तेज करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अफीम की अवैध खेती या नशीले पदार्थों के कारोबार से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को दें, ताकि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाकर नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

