राजकीय बिरसा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीसी-एसपी ने उलिहातू का किया दौरा

खूंटी: आगामी 15 नवंबर को प्रस्तावित राजकीय बिरसा महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ अड़की प्रखंड स्थित उलिहातू का दौरा कर विभिन्न तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने बिरसा ओड़ा जीर्णोद्धार कार्य, बम्बू कॉटेज निर्माण, लाइब्रेरी को व्यवस्थित करने तथा बिरसा ओड़ा एवं बिरसा कॉम्प्लेक्स में साज-सज्जा से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की एवं निर्धारित समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन संग्रहालय का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं वहां विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। संग्रहालय में ओपन थियेटर सहित उपलब्ध कराई जाने वाली व्यवस्थाओं, संग्रहालय के उद्देश्य एवं इसके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने की योजना के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं आसपास के क्षेत्रों को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित कार्य गुणवत्ता के साथ ससमय पूर्ण किए जाएं, ताकि महोत्सव के दौरान उलिहातू पहुंचने वाले अतिथियों एवं आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
महोत्सव के आयोजन को लेकर चयनित एजेंसी द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत की गईं। उपायुक्त ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रस्तावित स्टेज निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साज-सज्जा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं आवागमन की दृष्टि से हेलिपैड निर्माण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि महोत्सव से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *