खूंटी: वार्ड नंबर-10 में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू, 70 परिवारों को मिलेगी राहत
खूंटी: नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 में वर्षों से शुद्ध पेयजल की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से यहां के महिला-पुरुष पेयजल आपूर्ति के अभाव में परेशान थे। रोजाना पानी की तलाश में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों ने स्थानीय समाजसेवी एवं मजदूर यूनियन के अध्यक्ष, कांग्रेसी नेता सयूम अंसारी को लिखित आवेदन सौंपा।
शिकायत मिलने पर सयूम अंसारी ने तुरंत नगर पंचायत को मामले से अवगत कराया। उनके हस्तक्षेप के बाद नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आजाद रोड स्थित वार्ड नंबर-10 में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी।
“जल ही जीवन है” अभियान के तहत किए जा रहे इस कार्य से लगभग 70 परिवारों को सीधा लाभ होगा। खासकर महिलाओं में इस कदम से काफी उत्साह देखा जा रहा है। अब उन्हें पानी के लिए रोजाना जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाए जाने से सभी परिवारों में खुशी की लहर है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए नगर पंचायत और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा की पहल से ही यह कार्य संभव हो पाया है। मौके पर मौजूद शबनम खातून, शाहिद अंसारी, इम्तियाज अंसारी, शकील अंसारी, सोनी देवी, प्रभा कुमारी, रोशन आरा और अशोक कुमार लहकार समेत अन्य लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से अब जीवन आसान होगा।
नगर पंचायत की इस पहल को लोग सकारात्मक कदम मान रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले समय में भी जनसमस्याओं का समाधान इसी तत्परता से होगा।



