खूंटी में ढुकु महिलाओं का सामुदायिक विवाह कार्यक्रम में अलग-अलग धर्मों के 50 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

खूंटी : नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता के विकास की दिशा में कार्यरत स्वयं सेवी संस्था निमीता, रांची के तत्वावधान में आज नगर भवन, खूंटी में ढुकु महिलाओं का सामुदायिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्षों से लिव इन रिलेशनशीप में रह रहे अलग-अलग धर्मावलंबियों के 50 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इसके साथ ही अब उन्हें गांव में सामाजिक मान्यता प्राप्त हो गया।
मौके पर पहुंचे उपायुक्त, खूंटी श्री शशि रंजन एवं उप विकास आयुक्त, खूंटी श्री नीतीश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों द्वारा वर-बधू के सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की गई। साथ ही नव दम्पतियों के बीच तोहफा के रुप में गृहस्थ जीवन में उपयोग में आने वाली सामग्रियों का वितरण किया गया।
उक्त वैवाहिक कार्यक्रम में सभी जोड़ो उनके परंपरा व रीति- रिवाज के अनुसार विवाह कराया गया।
इस दौरान उपायुक्त शशि रंजन ने बताया गया कि गांव में “लिव इन रिलेशन” में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए कार्यक्रम उम्मीदों भरा है जो जिंदगी भर बिना विवाह के अनिश्चितता और सुरक्षा के अंधेरे में जीने को विवश थे। इस पहल से उनके जीवन में रोशनी आयी है और उम्मीदों का सफर भी शुरु हुआ है ताकि आने वाले दिनों में इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त किया जा सके। साथ ही सामाजिक परिवर्तन से इन्हें पूर्ण रूप से सम्मान दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि इन नवविवाहित जोड़ों को जिला प्रशासन की ओर से सभी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास है। साथ ही इनका विवाह निबंधन भी सुनिश्चित कराया जाएगा। जोड़ों को आने वाले दिनों में रजिस्टर्ड विवाह प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने हेतु उन्होंने निमित्त संस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेषकर महिलाओं को जेएसएलपीएस की योजना से जोड़ा जाएगा। हमारा प्रयास है कि ये एक अभियान के रूप में व्यापक स्तर पर चलाया जाय और नवजागरण के उद्देश्यों को पूर्ण किया जा सके।
स्वयं सेवी संस्था निमीता, रांची की सचिव डाॅ निकीता सिन्हा ने बताया दूरवर्ती क्षेत्रों में आदिवासी समाज के बिना शादी किये पति-पत्नी के रुप में रहा करते हैं। पर, परिणय सूत्र में नहीं बंधने की वजह से समाज में इनकी सामाजिक मान्यता नहीं रहती है। ऐसे दम्पतियों को गांव के सामाजिक कार्यों व अन्य परंपरा में शामिल नहीं किया जाता है। पर, अब विवाहित हो जाने के बाद उन्हें सामाजिक मान्यता प्राप्त होगी।
उक्त ढुकु महिलाओं का सामुदायिक विवाह कार्यक्रम में झारखंड चैम्बर ऑफ काॅमर्स, रांची के अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्स मलहोत्रा, उप समिति अध्यक्ष अनीस सिंह, ओपी लाल, बीके सिंह, धीरज कुमार, जेएसएलपीएस, खूंटी के प्रतिनिधि एवं अन्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *