खूंटी में 12 अप्रैल को उत्पाद सिपाही परीक्षा, 14 केंद्रों पर 4668 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रांची: झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन द्वारा 12 अप्रैल को खूंटी जिले में उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4668 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं पुलिस बल को आयोग द्वारा जारी सभी एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को समय पर रिपोर्टिंग और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य निर्वहन करने को कहा गया।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्नपत्र वितरण और सुचारु परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी तरह की चूक से बचने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *