35 IAS अधिकारियों का तबादला,जावेद हुसैन को खूंटी का उपायुक्त बनाया गया
रांची : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला और पदस्थापन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 35 से अधिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई जिलों के उपायुक्त बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागीय दायित्व दिया गया है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक खूंटी के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया को देवघर का नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं पलामू के उप विकास आयुक्त मो. जावेद हुसैन को खूंटी का नया डीसी नियुक्त किया गया है।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त शेखर जमुआर को सुवर्णरेखा परियोजना, जमशेदपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है। गढ़वा के उपायुक्त अनन्य मित्तल को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (JSLPS) का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं देवघर के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को स्वास्थ्य विभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा कीर्तिश्री जी को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। समीरा एस. को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में संयुक्त सचिव तथा दिनेश कुमार यादव को स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
अन्य नियुक्तियों में गिरिडीह के अनुमंडल पदाधिकारी विष्णु श्रीकांत यशवंत को गोड्डा का उप विकास आयुक्त-सह-CEO जिला परिषद बनाया गया है। वहीं खूंटी के अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन को गुमला में उप विकास आयुक्त-सह-CEO जिला परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।



