झारखंड के10 हजार छात्र-छात्राओं को पासवा करेगी सम्मानित,8 अगस्त को होगा कार्यक्रम

रांची। प्राईवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से आगामी 8 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए जोर-शोर की तैयारियां की जा रही है। इस समारोह में जैक बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के 10वीं एवं 12वीं परीक्षा के टॉपरों और 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन का काम भी जोर-शोर से जारी है।
पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने आज रांची में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि झारखंड में पहली बार एक गैर राजनीतिक मंच से 10 हजार छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पासवा के पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्यों द्वारा लगातार विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालय जाकर स्कूल के प्राचार्य से मुलाकात कर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किये जाने के निर्णय और टॉपर एवं 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले को सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
आलोक कुमार दूबे ने बताया कि छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मिलित होने के लिए पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, शिक्षामंत्री जगरनाथ महतो, खेलकूद मंत्री हफीजुल हसन अंसारी और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात की गयी। मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर व बन्ना गुप्ता ने समारोह में सम्मिलित होने पर सहमति दी है, जबकि मंत्री जगरनाथ महतो और हफीजुल हसन अंसारी ने व्यस्तताओं के बीच समय निकाल कर समारोह में सम्मिलित होने की बात कही है।
आज पासवा के पदाधिकारी वित्तमंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव से मुलाकात कर उनसे इस समारोह में सम्मिलित होने के लिए औपचारिक और विधिवत रूप से आमंत्रित किया गया। डॉ0 उरांव ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की सफलता हेतू शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा शिक्षक,विद्यार्थी और विद्यालय हमारी पूंजी हैं जिसको आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
पासवा की ओर से कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात कर उनसे इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने का आग्रह किया जाएगा।
आलोक कुमार दूबे ने बताया कि 6 अगस्त को पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. श्मायल अहमद भी रांची पहुंच जाएंगे और देश भर के विभिन्न राज्यों से पासवा के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का 8 अगस्त को पूर्वाह्न 7.00 बजे से ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा, उन्हें सिर्फ अपने मॉर्क्सशीट का फोटो प्रतिलिपि साथ लाना होगा। इस समारोह में राज्यभर के टॉपर सम्मानित होंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर पासवा के पदाधिकारियों की ओर से सभी जिलों में अभियान चलाया जा रहा है और आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह की सफलता को लेकर आज दिनांक 31 जुलाई को पासवा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की रांची में बैठक भी हुई। जिसमें जिलाध्यक्षों ने पिछले एक वर्ष के दौरान पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे द्वारा संगठन द्वारा किये गये कार्याे की सराहना करते हुए कहा कि पूरे राज्य में शैक्षणिक माहौल बनाने तथा विद्यालयों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा अभिभावकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में जो उल्लेखनीय कार्य किये गये है, उससे प्राईवेट स्कूल संचालकों में उम्मीद की एक नयी किरण प्रज्ज्वलित हुई है। जिलाध्यक्षों ने उम्मीद जतायी कि प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाईयों को छूने में कामयाबी हासिल करेगा।
     बैठक में रांची जिला अध्यक्ष अरविन्द कुमार,रांची महानगर कार्यकारी अध्यक्ष डा.सुषमा केरकेट्टा, धनबाद जिला अध्यक्ष मो.जिन्ना, हजारीबाग से बिपीन कुमार,चतरा जिला अध्यक्ष प्रवीण प्रकाश सिंह व पदाधिकारी नीरज सहाय, मुमताज आलम, नेसार अहमद,पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष रमन झा, महासचिव सुभाष उपाध्याय, प्रदेश पदाधिकारी संजय कुमार, मनोज भट्ट,आलोक बिपीन टोप्पो,शुभोजित अधिकारी, लोहरदगा अध्यक्ष माजिद अंसारी,मुकेश कुमार सिंह, आदित्य प्रसाद गुप्ता,बच्चन पांडेय,फलक फातिमा, अनिकेत कुमार, मनीष पाठक,चारु कुमारी, अब्बास कुमार,उमेश प्रसाद मेहता, राजेंद्र प्रसाद,आर.के.कौशिक सहित पासवा के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *