लातेहार में झामुमो की बैठक में उठा स्थानीय मुद्दे का शोर
लातेहार: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला स्तरीय बीएलए-2 एवं बूथ कमेटी सम्मेलन में महुआडांड़ की राजनीति केंद्र में रही। स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित सम्मेलन में जेएमएम के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय के सामने महुआडांड़ प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने सियासी ताकत दिखाते हुए क्षेत्र की जमीनी समस्याओं का पुलिंदा रख दिया।
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में पूरा जिला संगठन जुटा था। मुख्य अतिथि केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय रहे लेकिन सियासी चर्चा का केंद्र महुआडांड़ ही रहा।
जिला संगठन सचिव परवेज आलम के नेतृत्व में महुआडांड़ प्रखंड के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय महासचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि महुआडांड़ विधानसभा की राजनीति में अहम है, लेकिन विकास में अब भी पीछे है। कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़कें, पेयजल संकट, 18 घंटे बिजली कटौती, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी, स्कूलों में शिक्षकों का अभाव और नेटवर्क समस्या को प्रमुखता से उठाया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा, “महुआडांड़ झारखंड आंदोलन की जमीन रही है। यहां की समस्याएं मेरी निजी जिम्मेदारी हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक आपकी हर बात पहुंचेगी। लेकिन याद रखें, सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए बूथ मजबूत करना होगा। बूथ जीतो, महुआडांड़ जीतो।” उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याएं सुनें, नहीं तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। पांडेय के इस बयान के बाद हॉल तालियों से गूंज उठा।
जिला संगठन सचिव परवेज आलम ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा, “महुआडांड़ की जनता ने हर चुनाव में जेएमएम का साथ दिया है। अब बारी सरकार की है। बरसों से मूलभूत सुविधाओं का अभाव सियासी उपेक्षा का नतीजा है। केंद्रीय नेतृत्व के संज्ञान के बाद हमें भरोसा है कि महुआडांड़ की सियासी और प्रशासनिक तस्वीर दोनों बदलेंगी। हमारा एक-एक कार्यकर्ता बूथ पर डटा है।”
जिला युवा सचिव परवेज आलम ने कहा, “महुआडांड़ में विपक्ष सिर्फ चुनाव के समय दिखता है। जेएमएम 365 दिन जनता के बीच है। युवाओं को रोजगार, किसानों को सिंचाई और महिलाओं को सुरक्षा दिलाना हमारी प्राथमिकता है। विनोद पांडेय जी के दौरे से कार्यकर्ताओं में जोश दोगुना हो गया है।”
महुआडांड़ प्रखंड लातेहार जिले का आदिवासी-बहुल और सीमावर्ती इलाका है। यहां की सियासत सीधे विधानसभा चुनाव को प्रभावित करती है। जेएमएम का फोकस बूथ कमेटी मजबूत कर यहां अपनी पकड़ और मजबूत करने पर है। केंद्रीय महासचिव के सामने स्थानीय मुद्दे उठाकर कार्यकर्ताओं ने आलाकमान को साफ संकेत दे दिया है कि अगला चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा।
सम्मेलन में अधिवक्ता जावेद शौकत (बबलु), छात्र मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रवीन कुजूर, महुआडांड़ प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष समेत महुआडांड़ के दर्जनों वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।



