गणपति पूजा को लेकर ओटीसी ग्राउंड में भूमि पूजन, भव्य आयोजन की तैयारी
रांची : श्री गजराज पूजा समिति, ओटीसी ग्राउंड की ओर से आगामी गणपति पूजा के सफल आयोजन को लेकर विधिवत भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर गणपति महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया गया।
भूमि पूजन के अवसर पर समिति के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि इस वर्ष गणपति पूजा का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं बड़े स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणपति बप्पा का स्वागत पूरे हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। आयोजन में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
गौरव सिंह ने कहा कि गणपति पूजा के दौरान ओटीसी ग्राउंड भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पूजा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणपति पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भूमि पूजन के साथ ही आयोजन की तैयारियों को गति दे दी गई है। समिति का प्रयास है कि पूजा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण एवं सफल तरीके से संपन्न हो।
भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के संयोजक बंटी सिंह राजपूत, संरक्षक गौरव आनंद, मुख्य संरक्षक दीपक ओझा, सचिव प्रणव सिंह, गौतम ओझा, वरीय संरक्षक डब्लू ओझा समेत समिति के तमाम पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।


