खूंटी में किसानों के बीच ट्रैक्टर का वितरण, आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल
खूंटी : झारखंड सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेती को आधुनिक उपकरणों से जोड़ने और किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। इन्हीं योजनाओं में से एक है मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना, जिसके तहत किसानों को रियायती दर पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराए जाते हैं।
इसी क्रम में सोमवार को खूंटी जिला परिषद कार्यालय परिसर में जिला भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कई लाभुक किसानों के बीच ट्रैक्टर का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में किसानों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। किसानों का मानना है कि ट्रैक्टर मिलने से खेती का काम आसान होगा, लागत में कमी आएगी और पैदावार भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की बेहतरी के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। ट्रैक्टर मिलने से किसान अब समय पर खेत की जुताई कर पाएंगे और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। वहीं, जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि इस योजना से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और गांव की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
उपविकास आयुक्त आलोक कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती की पारंपरिक पद्धति के साथ आधुनिक तकनीक को जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने किसानों से अपील की कि ट्रैक्टर का उपयोग सिर्फ अपनी खेती तक सीमित न रखकर आसपास के किसानों को भी किराए पर सुविधा दें, ताकि अतिरिक्त आय अर्जित हो सके।
भूमि संरक्षण पदाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना का मकसद किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों से लैस करना है, ताकि वे कम समय और कम लागत में खेती कर सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभाग अन्य योजनाओं के माध्यम से भी किसानों को लाभान्वित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीण भी उपस्थित रहे। किसानों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें खेती के लिए महंगे किराए पर ट्रैक्टर लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह कदम उनकी आर्थिक बोझ को कम करेगा और वे खेती के साथ-साथ अन्य कृषि गतिविधियों में भी अपनी ऊर्जा लगा पाएंगे।



