देवउठनी एकादशी पर श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन
रांची: देवउठनी एकादशी के पर बड़कागढ़ स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर जगन्नाथपुर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जायेगा. इस अवसर पर मंदिर का ध्वज बदला जायेगा. महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा व भाई बलभद्र स्वामी को नवीन वस्त्र धारण कराया जायेगा. मंदिर में सुबह पांच बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ पट खोले जायेंगे. सुबह छह बजे महाप्रभु की मंगल आरती की जायेगी. बाल भोग अर्पित किया जायेगा. दोपहर 12 बजे भगवान को अन्न भोग अर्पित किया जायेगा. इसके बाद 12:10 बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जायेगा. दिन के तीन बजे मंदिर का पट
श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला जायेगा. देवउठनी एकादशी के विशेष अवसर पर शाम छह बजे से देव जागरण (देवोत्थान) पूजा प्रारंभ होगी. इस दौरान महाप्रभु के शालिग्राम स्वरूप को जल एवं दुग्ध से विधिवत स्नान (अभिषेक) कराया जायेगा. इसके बाद भगवान को ईख (गन्ना), चूड़ा, गुड़ एवं कंद का विशेष भोग अर्पित किया जायेगा. भोग अर्पण के बाद महाप्रभु की मंगल आरती संपन्न होगी.

