ड्राफ्ट मतदाता सूची के कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 18,84,249 मतदाताओं का सत्यापन
रांची : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत रांची जिले में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 18,84,249 अर्थात 95.17 प्रतिशत मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन हेतु सुरक्षित किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिया कि 30 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति से संबंधित सभी मामलों की सुनवाई अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिन मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 अपेक्षाकृत कम प्राप्त हुए हैं, वहां एईआरओ को स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर इसकी समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। पात्र मतदाताओं को चिह्नित करते हुए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जाए। सभी मतदान केंद्रों एवं प्रखंड कार्यालयों में एएसडीडी (ASDD) सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि संबंधित सूचियों की जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बीएलओ को होम-टू-रोल जांच पूरी गंभीरता से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईआरओ एवं एईआरओ भी इस कार्य की नियमित निगरानी करते हुए स्वयं जांच करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। जिन मतदाताओं द्वारा अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, उनसे संपर्क स्थापित कर दस्तावेज प्राप्त करने की जिम्मेदारी बीएलओ सुपरवाइजर को दी गई।
रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन हेतु सुरक्षित मतदाताओं की स्थिति निम्नवत है :-
1. 58-तमाड़ विधानसभा क्षेत्र: कुल 1,87,014 मतदाताओं में से 1,83,879 (98.32%) मतदाता सुरक्षित।
2. 61-सिल्ली विधानसभा क्षेत्र: कुल 1,95,803 मतदाताओं में से 1,90,605 (97.35%) मतदाता सुरक्षित।
3. 62-खिजरी विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,98,357 मतदाताओं में से 2,84,261 (95.28%) मतदाता सुरक्षित।
4. 63-रांची विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,42,429 मतदाताओं में से 2,23,009 (91.99%) मतदाता सुरक्षित।
5. 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र: कुल 3,66,919 मतदाताओं में से 3,40,212 (92.72%) मतदाता सुरक्षित।
6. 65-कांके विधानसभा क्षेत्र: कुल 3,60,774 मतदाताओं में से 3,43,154 (95.12%) मतदाता सुरक्षित।
7. 66-माण्डर विधानसभा क्षेत्र: कुल 3,28,691 मतदाताओं में से 3,19,129 (97.09%) मतदाता सुरक्षित।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सभी निर्धारित कार्यों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी योग्य मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न हो।

