झारखंड के विकास का रोडमैप तैयार करेगी कांग्रेस, ‘थिंक-2029’ में अर्थव्यवस्था और रोजगार पर होगा मंथन

रांची: झारखंड के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक प्रगति को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस 11 नवंबर को ‘थिंक-2029’ के तहत विशेष नीति संगोष्ठी का आयोजन करेगी। इसमें पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और विशेषज्ञों के साथ राज्य के विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।
सोमवार को कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू 11 नवंबर को झारखंड दौरे पर आएंगे। दोनों नेता संगोष्ठी में शामिल होकर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
केशव महतो कमलेश ने बताया कि ‘थिंक-2029’ का उद्देश्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है। इसमें खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस’ है। इसके माध्यम से राज्य के पेशेवरों और विशेषज्ञों के सुझाव लेकर एक मजबूत आर्थिक नीति तैयार करने की पहल की जाएगी, जिसे झारखंड सरकार के समक्ष रखा जा सकेगा। यूथ एम्पावरमेंट, औद्योगिक विकास और एमएसएमई को बढ़ावा देने की रणनीति पर भी मंथन होगा। इसमें दिल्ली और मुंबई से भी शोधकर्ता, अर्थशास्त्री और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे।
वहीं, 11 नवंबर को शाम चार बजे फिरायालाल वैंक्वेट हॉल में महिला पेशेवरों और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें दोनों वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि दोनों नेता 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से रांची पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। 12 नवंबर की सुबह आठ बजे वे वापस हैदराबाद रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *