करम पूर्व संध्या में विधायक राम सूर्या मुंडा ने बढ़ाया कलाकारों का हौसला
खूंटी: मुरहू प्रखंड के मालियादा बड़ी टोला में प्रखंड स्तरीय पारंपरिक सांस्कृतिक सह करम पूर्व संध्या समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंची छह नृत्य मंडलियों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन सांस्कृतिक निदेशालय के सहयोग तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी के प्रायोजन से किया गया। विधायक ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली नृत्य मंडलियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5 हजार रुपये प्रदान किए गए। उन्होंने सभी प्रतिभागी मंडलियों और आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारी संस्कृति और परंपराएं गांवों में आज भी जीवंत हैं। इन्हें संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोक संस्कृति और पारंपरिक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
समारोह में स्थानीय मुखिया परती टूटी, महाराज स्वप्न, बंटी ओड़िया, पूर्व मुखिया, इंदीपीड़ी मुखिया सुखराम सरूकद सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से गुलजार रहा।


