दिल्ली ब्लास्ट में बिहार के समस्तीपुर के युवक की मौत कैब चलाता था पंकज, रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने जा रहा था

समस्तीपुर : दिल्ली में सोमवार को लाल किले के पास हुए कार धमाके में बिहार के एक युवक की मौत हो गई। युवक का नाम पंकज सहनी है जो समस्तीपुर का रहने वाला है। 22 साल का पंकज सहनी दिल्ली में कैब चलाता था। बताया जा रहा है कि पंकज कैब से अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने दिल्ली स्टेशन जा रहा था, इसी दौरान कार ब्लास्ट में उसकी जान चली गई। पंकज समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर फतेहपुर वार्ड संख्या-7 के निवासी राम बालक सहनी का बेटा था। कल शाम करीब 4.30 बजे उसने आखिरी बार अपने दादा से बात की थी। पंकज के परिवार में मातम पसरा है।
दिल्ली में धमाके के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। रक्सौल समेत नेपाल से सटे 7 जिलों में बॉर्डर सील कर दिया गया है। इधर पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गयाजी में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सुरक्षा बढ़ा दी गई। पटना के महावीर मंदिर में मेटल डिटेक्टर से लोगों की चेकिंग की जा रही है। पटना साहिब गुरुद्वारा और अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा की आतंकवादियों की नजर बहुत पहले से दिल्ली पर थी। पहले से साजिश चल ही रही होगी, इसमें कोई दो राय नहीं है। आतंकवादी ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेना चाह रहे थे।’ बिहार में 20 जिलों में आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। इनमें ज्यादातर जिले नेपाल से सटे हैं। लिहाजा सभी सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई। वोटिंग के चलते यहां पूरे प्रदेश में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *