मालदा मंडल की महिला आरपीएफ जवान ने यात्री की बचाई जान

भागलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), मालदा मंडल यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहता है। इसी कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण 6 जुलाई को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत देखने को मिला।

मालदा मंडल के अंतर्गत साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने चलती ट्रेन से गिरने जा रही एक महिला यात्री की जान बचाकर असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। महिला यात्री ट्रेन संख्या 53030 (भागलपुर–अज़ीमगंज पैसेंजर) से उतरने की कोशिश में संतुलन खो बैठी थी और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंसने वाली थी। मौके पर मौजूद महिला कांस्टेबल ने बिना देर किए और अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत कार्रवाई की और यात्री को सुरक्षित खींच लिया। यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन महिला कांस्टेबल की तत्परता ने उसे समय रहते टाल दिया। यह निस्संदेह एक सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है।

आरपीएफ के ऐसे वीरतापूर्ण प्रयास बल की समर्पित सेवा भावना और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। मालदा मंडल ने साहिबगंज स्टेशन पर तैनात महिला जवान के साहस और कर्तव्यपरायणता को सलाम किया है और यात्रियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाने के अपने संकल्प को दोहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *