सिविल कोर्ट परिसर में मतदाता दिवस शपथ कार्यक्रम का आयोजन
खूंटी: राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), खूंटी के मार्गदर्शन में रविवार को सिविल कोर्ट परिसर में मतदाता दिवस शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य जन-जागरूकता फैलाना था। इस शपथ कार्यक्रम में उपस्थित सभी माननीय न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों, पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) एवं आम नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए, खूंटी ने इस बात पर बल दिया कि मतदान न केवल एक संवैधानिक अधिकार है, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य भी है, जो लोकतंत्र को सशक्त बनाता है और शासन में जनता की सहभागिता सुनिश्चित करता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उपस्थित पैरालीगल वालंटियर्स को निर्देश दिया गया कि वे खूंटी जिला के विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि हम सभी मिलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए एक सशक्त, समावेशी एवं सहभागी लोकतंत्र का निर्माण कर सकें।
यह जानकारी डालसा सचिव कमलेश बेहरा के द्वारा दी गई।



