टीएमबीयू स्थापना दिवस पर कुलपति प्रो. जवाहर लाल ने दी शुभकामनाएं
भागलपुर। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के 66वें स्थापना दिवस (12 जुलाई) के अवसर पर कुलपति प्रो. जवाहर लाल ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।
कुलपति ने एक संदेश में कहा कि अस्वस्थता के कारण वे दिल्ली में उपचाररत हैं, जिस वजह से स्थापना दिवस समारोह में शरीक नहीं हो पाने का उन्हें खेद है।
उन्होंने कहा कि टीएमबीयू का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बिहार का एक प्रतिष्ठित संस्थान माना जाता है।
प्रो. लाल ने विश्वविद्यालय की प्रगति, उन्नति और चतुर्दिक विकास के लिए सभी की समेकित भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि टीएमबीयू के अतीत, वर्तमान और भविष्य को और बेहतर बनाने के लिए सभी को टीम भावना और सामूहिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा।
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य – शिक्षक, कर्मचारी और छात्र – की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।



