बाजपेई ने राज्य दिया और मोदी ने राज्य का विकास : दीपक प्रकाश

साहिबगंज :भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड राज्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की देन है। जबकि इसका विकास भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी जी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जाति धर्म वर्ग संप्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र के विकास के प्रति समर्पित होकर कार्य करती है।
दीपक प्रकाश गुरुवार को साहिबगंज के परिसदन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि पिछले 8 वर्षों में झारखंड का सर्वांगीण विकास देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स एवं एयरपोर्ट साहिबगंज में बंदरगाह एवं गंगापुल का निर्माण जैसे अनेक उदाहरण है जो यह बताने के लिए काफी है के झारखंड मैं विकास केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 4 फरवरी को देवघर में भारत के गृह मंत्री अमित शाह जी का आगमन होने जा रहा है इसी कड़ी में उनका साहिबगंज पदार्पण हुआ है ताकि साहिबगंज जिले से भी प्रत्येक पंचायत के कार्यकर्ता और आम जनता गृह मंत्री के उद्बोधन को सुन सके। गृह मंत्री अमित शाह को आज के भारत का लौह पुरुष की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम है कि आज जम्मू कश्मीर से 370 और 35a जैसी विवादित धारा का खात्मा हो सका है। केवल इतना ही नहीं महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार ने अपने मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाते हुए भारत से तीन तलाक जैसे गैर कानूनी प्रावधानों को खत्म करने का काम किया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि ऐसे लौह पुरुष का संथाल परगना की धरती पर आगमन निश्चित रूप से न केवल भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए अपितु संपूर्ण समाज के लिए काफी हर्ष का विषय है।

लूट का पर्याय बन चुकी हेमंत सरकार

दीपक प्रकाश ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि झारखंड निर्माण का उद्देश्य यहां के जल जमीन और जंगल की सुरक्षा करना था। परंतु दुर्भाग्य से विगत 3 वर्षों से जल जंगल और जमीन लूटने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड का एकमात्र जिला जहां गंगा प्रवाहित होती है यह झारखंड के लिए सौभाग्य की बात है परंतु इसी गंगा को आधार बनाते हुए वर्तमान सरकार ने 3 वर्षों में झारखंड के खनिज संपदा को लूटने का काम किया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि कभी सुना करते थे कि समुद्री मार्ग से सोना हीरा कोकीन जैसे की तस्करी होती है परंतु पिछले 3 वर्षों में साहिबगंज जिले के गंगा मार्ग से जो खनिज संपदा की तस्करी का नंगा खेल हुआ है वह किसी से छुपा हुआ नहीं है। मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि 1000 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि जो पार्टी के पदाधिकारी भी थे पर ना तो पार्टी स्तर पर कोई कार्रवाई की गई और ना ही मुख्यमंत्री स्तर पर यह इस बात को दर्शाता है कि पूरा खेल मुख्यमंत्री के सह पर खेला जा रहा था। उन्होंने ईडी से मांग की की इस भ्रष्टाचार के खेल में राजनेता से लेकर जो भी अधिकारी संयुक्त हैं सब को सलाखों के पीछे भेजा जाए।

आम बजट सर्वग्राही और दूरदर्शी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि 2023 24 का बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब बजट से सभी लोग खुश हैं। बजट में जहां विद्यार्थियों के लिए ईलाइब्रेरी की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है वही इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर 50 नए एयरपोर्ट स्थापना की बात भी कही गई है। बजट में कर में मिली छूट का पूरा पूरा लाभ मध्यम वर्गीय परिवार को मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 23 24 के बजट को विरोधी भी सराहनीय से नहीं चूक रहे हैं। हालांकि यह बात अलग है कि केवल विरोध के लिए विरोध किया जा रहा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि 2023 24 का बजट भारत को एक नई दिशा देने वाला बजट है आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक लाभ भारत के आम जनता को देखने को मिलेगा।

बांग्लादेशी घुसपैठ राज्य संपोषित

दीपक प्रकाश ने अपनी बात आगे रखते हुए कहा कि आज सरकार पूरी तरह तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पूरे राज्य नहीं देखा कि एक मंत्री के पोषण में किस तरह बांग्लादेशियों को बसों में भरकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। दीपक प्रकाश बांग्लादेशी घुसपैठ पर बेबाकी से अपनी बात रखते हुए कहा कि राज्य सरकार के द्वारा बांग्लादेशी पोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एनआरसी लाना चाहती है ताकि देश में केवल भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से जीवन यापन कर सकें। परंतु तुष्टिकरण की राजनीति के कारण बांग्लादेशियों को बसाने का जो नंगा खेल राज्य के द्वारा पोषित किया जा रहा है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें भारत से विदा किया जाएगा।
ज्ञात हो कि भारतीय जनता पार्टी 2024 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुट गई है। 2019 में हुए चुनाव में राज्य की 14 में से 12 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी केवल 2 सीट गुमला और राजमहल पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। भाजपा इस बार इन दोनों सीटों पर विशेष रूप से नजर गड़ाए हुए हैं। बीते दिनों केंद्रीय रेल राज्य मंत्री का दो बार दौरा हो चुका है। गुरुवार को जहां राजमहल विधानसभा क्षेत्र के साहिबगंज में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू प्रदेश प्रवक्ता धीरज कुमार कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के लिए पहुंचे हुए थे। वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी बोरियों और बरहेट विधानसभा के कार्यकर्ताओं के बीच संवाद कर रहे थे।
भाजपा विधायक दल के नेता राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी अपने संथाल परगना दौरे के क्रम में गोड्डा से सड़क मार्ग के रास्ते बोरियों पहुंचे। बोरियों में बाबूलाल मरांडी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता भ्रष्टाचारी सरकार से उड़ चुकी है। जनता अब बदलाव चाहती है इसलिए आने वाले लोकसभा चुनाव में राजमहल लोकसभा की सीट भारतीय जनता पार्टी को मिलना तय है। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार केवल लूट का सूट में लगी हुई है। साहिबगंज जिले में 1000 करोड़ से अधिक का मनी लॉन्ड्रिंग का काला खेल किसी से छुपा हुआ नहीं है। जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि तक जेल की चारदीवारी में कैद है। परंतु सुबे के मुखिया केवल अपनी पीठ थपथपा ने में लगे हुए हैं।
बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय आम बजट की सराहना करते हुए कहा कि 2023 24 के लिए पारित बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है। यह बजट भारत के दूरदर्शी भविष्य को ध्यान में रखकर बनाया गया है जिसमें जहां मध्यम वर्गीय परिवार को टैक्स स्लैब में छूट के माध्यम से राहत दी गई है वहीं किसानों के लिए भी इस बजट में बहुत कुछ प्रावधान शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में किसान मजदूर विद्यार्थी व्यवसाई और उद्योगपति सभी वर्गों का पूरा पूरा ख्याल रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *