ऊर्जा मित्रों और ऊर्जा साथियों का हल्ला बोल, स्थायीकरण की मांग को लेकर राजभवन के समक्ष धरना

गणादेश,रांची : झारखंड के ऊर्जा मित्र और ऊर्जा साथी शुक्रवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर राजधानी रांची में सड़कों पर उतर आए। हजारों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने मोराबादी मैदान से राजभवन तक रैली निकाली और जाकिर हुसैन पार्क के सामने धरना देकर सरकार से अपने स्थायीकरण की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे 10 से 15 वर्षों से मीटर रीडिंग का कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब राज्य में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनकी आजीविका संकट में पड़ गई है। स्मार्ट मीटर लगने से बिल ऑटोमेटिक जनरेट हो रहे हैं, जिससे सभी ऊर्जा मित्र और साथी बेरोजगारी के कगार पर पहुंच गए हैं।
ऊर्जा मित्रों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं से सरकार को कई बार अवगत कराया है। मुख्यमंत्री सचिवालय, राज्यपाल सचिवालय, झामुमो कार्यालय और CMD JBVNL को दर्जनों आवेदन सौंपे जा चुके हैं, परंतु अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी ऊर्जा मित्रों और ऊर्जा साथियों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के अधीन समायोजित किया जाए और उनकी सेवा अवधि को नियमित किया जाए।
धरना कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें लगभग चार हजार ऊर्जा मित्र और ऊर्जा साथी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *