मुख्यमंत्री पशुधन जोड़ा बैल योजना के तहत मुरहू प्रखण्ड में उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने चयनित लाभुकों के बीच जोड़ा बैल का वितरण किया
रांची: झारखंड सरकार की योजना मुख्यमंत्री पशुधन योजना के अंतर्गत मुरहू प्रखण्ड के कोडकल पंचायत एवं हस्सा पंचायत के लाभुकों को जोड़ा बैल योजना से आच्छादित किया गया।
वितरण कार्यक्रम के दौरान उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने लाभुकों से कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बैलों के माध्यम से वे अपनी कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ कर सकते हैं। इससे खेती के कार्य में सुविधा होगी तथा जीविकोपार्जन का एक सशक्त साधन भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर उप प्रमुख ने भ्रमणशील पशु चिकित्सक डॉ. विनय कुमार झा को निर्देश दिया कि पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा समय-समय पर आवश्यक वैक्सीन एवं दवाइयाँ लाभुकों को उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बैलों का निबंधन किया गया है, आधार के अनुसार उनकी नियमित जांच भी की जाए।
लाभुकों से बातचीत के दौरान उप प्रमुख ने पूछा कि वे इन बैलों का उपयोग किस प्रकार करेंगे। इस पर लाभुकों ने बताया कि इससे कृषि कार्य में सहायता मिलेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। कुछ लाभुकों ने यह भी कहा कि प्राप्त बैल उम्र में थोड़े छोटे हैं, जिससे खेती के कार्य में मदद तो मिलेगी, किंतु पूरी क्षमता से कार्य करने में कुछ समय लग सकता है।
इस पर डॉ. विनय कुमार झा ने आश्वस्त किया कि दिए गए बैलों की नस्ल अच्छी है तथा वे लाभुकों के खेतों के लिए उपयोगी और सहायक सिद्ध होंगे।
डॉ विनय कुमार झा ने उप प्रमुख को धन्यवाद दिया।



