मंडल कारा लातेहार में, जेल अदालत सह मेडिको लीगल कैंप का सफल आयोजन कर दो बन्दियों को रिहा किया गया
लातेहार :झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार श्री शेष नाथ सिंह के मार्गदर्शन में गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर आज जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार के तत्वावधान में मंडल कारा लातेहार में एक विशेष जेल अदालत सह मेडिको-लीगल कैंप का आयोजन किया गया।
जेल अदालत के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न लघु आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान वैसे बंदियों के मामलों पर विचार किया गया जो छोटे अपराधों में लंबे समय से जेल में बंद है या जो कानूनी सहायता की पात्रता रखते हैं। विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बंदी विधिक सहायता के अभाव में न्याय से वंचित न रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने कहा कि इस तरह के कैंपों का आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से किया जाएगा ताकि बंदियों के मानवाधिकारों की रक्षा हो सके और उन्हें सुधार की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। इस अवसर पर माननीय न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लातेहार के कोर्ट के एक बंदी और माननीय न्यायालय एस डी जे एम लातेहार के कोर्ट से एक बंदी को रिहा किया गया।
विधिक शिविर के साथ-साथ आयोजित मेडिको लीगल कैंप में डॉक्टरों की एक टीम द्वारा बंदियों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई। उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गई और जेल परिसर में स्वच्छता व व्यक्तिगत स्वास्थ्य बनाए रखने के संबंध में चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सह विशेष न्यायाधीश श्री संजय कुमार दुबे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री विक्रम आनंद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी जीव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया, एस डी जे एन लातेहार श्री प्रणव कुमार जेल अधीक्षक प्रभात कुमार, सदर अस्पताल लातेहार के उपाधीक्षक डॉ अखिलेश्वर प्रसाद, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अरूण कुमार, महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमुल्या गुलाब लकड़ा, एएनएम सुकेशी गिद्ध, परिधापक पंकज राम एवं एम्बुलेंस चालक दुर्गा रान, जेलर, पैरा लीगल वॉलंटियर्स सहित जेल प्रशासन एवं डालसा के कर्मचारी उपस्थित रहे।



