राहुल दूबे गैग के दो अपराधी मुलिस मुठभेड़ में घायल,आठ पिस्टल बरामद
रांची : झारखंड की राजधानी रांची शुक्रवार सुबह उस समय दहल उठा, जब अचानक गोलियों की बौछार होने लगी। इस दौरान दो अपराधियों को गोली लगी, जिसके बाद दोनों घायल सहित छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित होचर के पास पुलिस के साथ कुख्यात राहुल दूबे गैंग के अपराधियों की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग होती रही। एनकाउंटर के दौरान पुलिस की फायरिंग से दो अपराधियों को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने अन्य चार अपराधियों को भी धर दबोचा।
घायल अपराधियों की पहचान साजन अंसारी और अमित गुप्ता के रूप में की गई है। पुलिस ने घायल अपराधियों को इलाज के अस्पताल भेजा है। इधर, एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि खलारी थाना क्षेत्र से पुलिस फिल्मी स्टाइल में अपराधियों को खदेड़ते हुए ला रही थी। इसके बाद रातू में एनकाउंटर हुआ। घटना के कुछ देर के बाद रांची के ग्रामीण एसपी सहित कई अधिकारी घटनाथल पर पहुंचे। फिलहाल इलाके में नाकाबंदी लगाकर पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि अपराधियों के जमा होने की सूचना पर पुलिस की टीम ठाकुरगांव, खलारी और रातू थाना क्षेत्र के सीमा पर पहुंची थी, इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
एनकाउंटर के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान रांची पुलिस ने बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों में 8 अत्याधुनिक पिस्टल और दर्जनों कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने इस दौरान एफएसएल की टीम को भी बुला लिया।रांची, खलारी, रामगढ़ सहित झारखंड के सभी कोयलांचल क्षेत्र में राहुल डूबे का गैंग सक्रिय है। इस गैंग पर कोयलांचल क्षेत्र में रंगदारी, लूट, फिरौती और ठेकेदारी से जुड़े अपराधों में शामिल होने के कई आरोप हैं। सोशल मीडिया में इन दिनों राहुल दुबे और सुजीत सिंह के गिरोह के बीच जंग छिड़ी हुई है। दोनों गैंग एक-दूसरे को चेतावनी दे रहे हैं। जगह-जगह हमले कराकर सोशल मीडिया में पोस्ट शेयर कर जिम्मेदारी ले रहे हैं।
कोयलांचल में अपनी बादशाहत कायम रखने के लिए दोनों गैंग आमने-सामने हैं। इस बीच गैंगवार की भी आशंका जताई जा रही है। बता दें कि राहुल दुबे का जुड़ाव एनकाउंटर में मारे गए अमन साहू के साथ रहा है। अमन के मारे जाने के बाद गिरोह के संचालन की ज़िमीदारी राहुल दुबे को सौंपी गई है।



