तहखाने में छिपा ‘खजाना’, ट्रेनों की लूट का खुला राज! भागलपुर में RPF – GRP की बड़ी कार्रवाई

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेलवे सुरक्षा बलों (RPF – GRP) की संयुक्त कार्रवाई ने यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित एक किराए के मकान में बने गुप्त तहखाने से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और विदेशी मुद्रा बरामद होने से पूरे इलाके में हलचल मच गई है।इस मामले में संजय यादव (मुंगेर, बरियारपुर) और पलटू सहनी (परबत्ता राघोपुर) को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह के सरगना ने यह भी बताया कि बाराहाट गिरोह के पास यहां से भी अधिक लूट के गहने हैं।

तडके सुबह मिली सूचना, शुरू हुआ ऑपरेशन:

रेल एसआरपी विद्यासागर के अनुसार, सुबह करीब 4:45 बजे जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद को संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने आरपीएफ इंस्पेक्टर ए. के. गिरी के साथ मिलकर तुरंत संयुक्त अभियान चलाया। पहले संबंधित ट्रेन में जांच की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस में जांच के दौरान दो संदिग्धों की गतिविधियां असामान्य लगीं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

तहखाने से निकला चोरी का ‘खजाना’:
पूछताछ में खुलासा होने के बाद पुलिस ने महेशपुर स्थित किराए के मकान पर छापा मारा। वहां एक कमरे के अंदर बने गुप्त तहखाने में झोले में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में आभूषण बरामद हुए।
बरामद सामान में शामिल हैं:
500 ग्राम सोने के आभूषण, 1.5 किलो चांदी के गहने, 13 सोने के कंगन, 5 चेन, 6 लॉकेट चेन, मोती माला, मांग टीका, चूड़ी, पायल, जितिया, पहुंची,
विदेशी मुद्रा: अमेरिकी डॉलर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया के डॉलर

दो गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका:
इस मामले में संजय यादव (मुंगेर, बरियारपुर) और पलटू सहनी (परबत्ता राघोपुर) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि संजय यादव एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
पूछताछ में दोनों ने शहर के दो ज्वेलर्स के नाम भी उजागर किए हैं, जिन्हें अब जांच के दायरे में रखा गया है।

ट्रेनों में पॉकेटमारी था मुख्य तरीका:
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य ट्रेनों में यात्रियों की पॉकेटमारी और लूटपाट करते थे। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाला ब्लेड भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में करीब 15 अन्य सदस्य शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यात्रियों को चेतावनी, सुरक्षा बढ़ाई गई
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें लगातार ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा होगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *