महुआडांड़ में खेत में काम कर रहे किसान पर तीन भालुओं का हमला

लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड के ओरसा पंचायत अंतर्गत कुकूद गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। खेत में काम कर रहे 30 वर्षीय किसान किशुन नागेसिया पर अचानक तीन भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
किशुन नागेसिया शाम 4 बजे अपने खेत में काम कर रहा था। तभी जंगल की ओर से आए तीन भालुओं ने उस पर हमला बोल दिया। किशुन के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गए। लेकिन तब तक किशुन बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था। उसके सिर, हाथ और पीठ पर गहरे जख्म हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वनपाल गुरु दयाल सिंह तत्काल हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल किशुन को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया और भर्ती कराकर इलाज शुरू करवाया।
CHC प्रभारी ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए किशुन को बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वनपाल गुरु दयाल सिंह ने घायल के परिजनों को इलाज में आ रही परेशानी देख अपनी ओर से आर्थिक सहयोग भी दिया। ग्रामीणों ने वनपाल के इस मानवीय कदम की खूब सराहना की।
घटना के बाद वन विभाग ने महुआडांड़ प्रखंड के सभी ग्रामीणों से भालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है- “जंगल और खेतों के आसपास अकेले न जाएं। सुबह-शाम के समय विशेष सतर्कता बरतें। भालू या कोई भी जंगली जानवर दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।”
वन विभाग ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *