लंगूर को भी पढ़ाई कर कुछ बनाने का हुआ जुनून,बच्चों के संग बैठा पढ़ाई करने
हजारीबाग :हर बच्चों को शिक्षा का अधिकार है. यह तो आपने सुना होगा. इसके तहत हर बच्चे को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सके, इसके लिए सरकार ने कई नियम बनाए हैं. अब ऐसा लग रहा है जैसे आधुनिकता के इस दौर में अब जानवरों ने भी शिक्षा के महत्व को समझते हुए पढ़ाई शुरू कर दी है. एक लंगूर में नौवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है. यह सुनने में थोड़ा अटपटा लगता है, लेकिन यह सच है. मामला राज्य के हजारीबाग जिले के चौपारण कस्बे का है. लंगूर स्कूल पहुंचता है. नौवीं क्लास में बैठता है और छुट्टी होने के बाद ही वहां से निकलता है.
चौपारण के उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय दनुआ में पिछले सात दिनों से यह लंगूर हर दिन स्कूल खुलते ही पहुंच जाता है और नौवीं कक्षा में पहुंचकर पहली बेंच पर बैठ जाता है. ऐसा लगता है मानो वह पढ़ाई कर रहा हो.स्कूल के शिक्षक और छात्रों के मुताबिक पिछले 6 सितंबर की सुबह 10 बजे पहली बार यह लंगूर स्कूल में आया था और सीधा कक्षा 9 की क्लास में घुस गया और पहली बेंच पर जाकर बैठ गया. कक्षा में लंगूर को देख स्कूल के शिक्षक और बच्चे घबरा गए. उन्होंने इसे भगाने के लिए कई तरह के उपाय किए, लेकिन लंगूर नहीं भागा.



