ईदगाह पहुंचे सुबोधकांत सहाय,मुस्लिम भाइयों को गले लगाया और बधाई दी

रांची: भारत सरकार के पूर्व मंत्री सुबोध कान्त सहाय एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने झारखंड वासियों को ईद की मुबारकबाद एवं बधाई दी है।
सुबोध कान्त सहाय एवं आलोक कुमार दूबे डोरंडा स्थित ईदगाह पर पूर्वाहन 9:30 बजे पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले लगाया एवं ईद की मुबारकबाद दी।
इस मौके पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए पूर्व मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा जो लोग भी आज के दिन दुआ करते हैं ऊपर वाला उनकी दुआएं कबूल करता है। ईद का संदेश मोहब्बत और प्यार भरा है।अगर कहें तो अप्रैल का महीना सभी धर्म के सद्भाव का महीना है जो हमें आपस में प्रेम बांटने का संदेश देता है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा पिछले 30 वर्षों से अधिक समय हो गया जब मैं ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को बधाई देना नहीं भूलता हूं। उन्होंने कहा 30 दिनों के कठिन उपवास करने के बाद ईद का त्योहार खुशियां लेकर आता है। उमंग, उत्साह, खुशहाली, हर्षोउल्लास के साथ ईद का त्योहार मनाया जाता है। ईद हमें इंसानियत, प्रेम,अमन,सद्भावना,भाईचारगी का पैगाम देती है। ईद परोपकार परमार्थ के प्रेरणा का विलक्षण अवसर है। प्रत्येक पर्व त्योहार के पीछे परंपरागत लोकमान्यताओं एवं कल्याणकारी संदेश निहित है, ईद लोगों में बेपनाह खुशियां बाँटती है और आपसी मोहब्बत का पैगाम देती है। ईद हमारे देश ही नहीं दुनिया का एक विशिष्ट धार्मिक,सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक त्योहार है।
सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के महासचिव अकिल उर रहमान, गौतम कुमार, शमशाद, अकबर भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *