डीपीएस बोकारो के वार्षिक खेल दिवस में विद्यार्थियों ने दिखाए दमखमनिर्मल महाराज
बोकारो। विद्यार्थी भविष्य के लिए यकीनन अपना लक्ष्य निर्धारित करें, परंतु वर्तमान पर अधिक ध्यान केंद्रित करें। आज अगर आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास देंगे, तो निश्चय ही आपका आनेवाला कल बेहतर होगा। यह कहना है उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो जोन) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर (भापुसे) का। शुक्रवार को नगर के सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो में आयोजित 36वें वार्षिक खेल दिवस ऊर्जा उत्सव को बतौर मुख्य अतिथि वह संबोधित कर रहे थे। प्रतिभागियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री भास्कर ने कहा कि मोबाइल और रील के इस दौर में विद्यार्थियों का खेलकूद, योग और अन्य बाह्य गतिविधियों में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा के साथ-साथ अच्छे शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेलकूद बेहद जरूरी है, जिसे नकारा नहीं जा सकता।
आईजी ने टीम-भावना, एक-दूसरे का सम्मान, आपसी सामंजस्य तथा आत्मावलोकन की प्रवृत्ति विकसित करने में भी खेलकूद की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उक्त कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छह सदनों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उमंग के साथ भाग लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में जमकर अपनी प्रतिभा व अपने दमखम का परिचय दिया। एक मैदान में लगभग एक हजार प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का समागम एवं कलात्मक शैली में क्रीड़ात्मक स्पर्धाओं में उनकी भागीदारी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। समारोह के सम्मानित अतिथियों में जीजीपीएस, सेक्टर-5 के प्राचार्य अभिषेक कुमार, एआरएस पब्लिक स्कूल के निदेशक रामलखन यादव, डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के महासचिव एवं एआरएस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विश्वजीत पात्रा तथा आदर्श विद्या मंदिर के प्राचार्य रंजीत कुमार उपस्थित रहे। बच्चों ने पौधा भेंटकर और स्वागत गान के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एवं डॉ. राधाकृष्णन सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के अध्यक्ष डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी अभ्यागतों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने खेल में बढ़ती भारत की वैश्विक ताकत, खासकर हाल की महिलाओं की सशक्त भूमिका को रेखांकित करते हुए बच्चों के क्रीड़ात्मक विकास में डीपीएस बोकारो के प्रयासों की चर्चा की।



