श्रावणी मेले में खाद्य सामग्री के रेट निर्धारित ,80 रुपये में सादा भोजन, रू10 में स्पेशल चाय
भागलपुर। श्रावणी मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मेला आरंभ होने में केवल पांच दिन शेष रह गए हैं और देशभर से श्रद्धालुओं का सुल्तानगंज पहुंचना शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में कांवड़िए अजगैवीनाथ धाम पहुंच रहे हैं, जिससे नगर में चहल-पहल तेज हो गई है। इसी बीच, मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की कीमतों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र के व्यवसायियों के साथ बैठक कर खाने-पीने की वस्तुओं की दर तय करने की दिशा में पहल की। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी दुकानदार मनमाने दाम पर सामग्री नहीं बेचेगा। तय दरों के आधार पर ही सभी खाद्य सामग्री बेची जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, सादा भोजन की कीमत 80 रुपए और स्पेशल चाय की कीमत 10 रुपए तय की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य खाद्य सामग्री जैसे पूड़ी-सब्ज़ी, लिट्टी-चोखा, बोतलबंद पानी, नाश्ता आदि की दरें भी निर्धारित की गई हैं।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बैठक के उपरांत प्रस्तावित दर सूची अनुमोदन के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को भेज दी है। अनुमोदन प्राप्त होते ही दर सूची को सार्वजनिक रूप से जारी किया जाएगा। सभी दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि वे सूचीबद्ध दरों को अपनी दुकानों के बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पारदर्शिता बनी रहे।
श्रद्धालुओं ने जताई संतोष के साथ चिंता :
मेले में पहुंचे कई कांवड़ियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इस बार खाद्य सामग्री की कीमतों में लगभग 5 से 7 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखा जाए तो यह मूल्य वृद्धि स्वीकार्य है।
प्रशासन सख्त, अनियमितता पर कार्रवाई तय :
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि दर सूची से अधिक मूल्य वसूलने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेला क्षेत्र में नियमित जांच की व्यवस्था की जा रही है और आपूर्ति विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी।



