रीजनल वर्कशॉप में जमकर लूटपाट, सुरक्षाकर्मियों और होमगार्ड को पीटा
भुरकुंडा: ओपी क्षेत्र अंतर्गत रीवर साइड स्थित सीसीएल के रिजनल वर्कशॉप में लोहा और स्क्रैप चोरों ने जमकर उत्पात मचाया है। चोरों ने सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों और होमगार्ड के जवान के साथ जमकर मारपीट की। जिससे दो जवानों के सिर में चोट आई है। जिनका उपचार किया गया है। मामले की सूचना भुरकुंडा पुलिस को दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात रीवर साइड स्थित सीसीएल रीजनल वर्कशॉप में 30 से 40 की संख्या में चोर पहुंचे। कुत्ते के भौंकने पर सुरक्षाकर्मियों ने चोरों को देखा और सायरन बजाने का प्रयास किया। लेकिन सायरन नहीं बजा। सुरक्षा में लगे कर्मी सिक्युरिटी रूम में भाग कर गेट बंद कर। वहीं चोरों ने सुरक्षा कर्मियों को जान से मारने की चेतावनी देते हुए गेट खोलने को कहा और गेट तोड़ने की कोशिश करने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने पिटाई नहीं करने की अपील करते हुए गेट खोल दिया। चोर अंद घुसे और सुरक्षाकर्मियों और होमगार्ड के जवान पर हमला बोल दिया। मार पिटाई में होमगार्ड के दो जवानों के सिर फूट गया गया। चोरों ने सभी को एक कमरे में बंधक बना दिया और लूटपाट कर चलते बने।
किन सामानों की लूट हुई है फिलहाल इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षाकर्मियों में दहशत का माहौल है। घटना से भुरकुंडा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
वहीं चर्चा है कि जिले भुरकुंडा क्षेत्र लोहा और कबाड़ चोरों का केंंद्र बना हुआ है। वहीं अब पतरातू में भी चोरी के लोहे की खूब तस्करी हो रही है। कबाड़ की आड़ में लोहा, तांबा, पीतल सहित सीसीएल के स्क्रैप का गोरखधंधा बड़ी तेजी से फलफूल रहा है। बिना मिलीभगत वजनी सामानों को एक जगह से दूसरे जगह भेजना संभव नहीं है। जिससे बड़े पैमाने पर सेटिंग और बंदरबांट की संभावना बनी हुई है।भुरकुंडा और आसपास विगत वर्षों में कई बार लूट होने के बावजूद अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।



