रेलवे के क्षेत्र में रांची लोकसभा का अभूतपूर्व विकास हो रहा है : संजय सेठ

4224 करोड़ से अधिक के योजनाओं की  रांची  लोकसभा को मिली  सौगात

रांची : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आजादी के अमृत काल में चारों तरफ विकास की बयार बह रही है। 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, उसके अनुरूप हर दिशा में काम हो रहे हैं। विगत 11 वर्षों के शासन में रेलवे ने इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नया कीर्तिमान बनाया है।

उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है और पूरे समान भाव से देशभर में रेलवे का विकास हो रहा है।

खलारी से लेकर ईचागढ़ तक रांची का लोकसभा क्षेत्र है, जिसमें रांची, हटिया के अलावे मुरी, सिल्ली, चांडिल, राय, मैकलुस्कीगंज, झिमड़ी, गंगाघाट, टाटीसिलवे, नामकुम, पिस्का, बालशृंग जैसे दो दर्जन से अधिक रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन सभी रेलवे स्टेशनों का समुचित विकास का कार्य चल रहा है।

रांची लोकसभा क्षेत्र चार रेल मंडल में बंटा हुआ है। रांची रेल मंडल, चक्रधरपुर रेल मंडल, आद्रा रेल मंडल और धनबाद रेल मंडल। इन चारों ही रेल मंडल में व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे हैं।

वर्तमान समय में रांची लोकसभा क्षेत्र में ₹4224 करोड रुपए से अधिक की लागत से विकास योजनाएं चल रही हैं, जिनमें कई योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। सबसे बड़ी बात कि इन सबकी स्वीकृति विगत 3 वर्षों में मिली है।

क्षेत्र में बड़ी समस्या रेलवे अंडरपास, ओवरब्रिज, सबवे जैसे महत्वपूर्ण आवश्यक निर्माण पर होती थी। वर्तमान समय में 732 करोड रुपए की लागत से रांची में ओवरब्रिज, अंडरपास और सबवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है। 16 पूर्ण हो चुके हैं और 16 पर काम चल रहा है।

इसके अलावा नामकुम, टाटीसिलवे और चांडिल में गुड्स शेड के अपग्रेडेशन का भी काम चल रहा है। यह लगभग 54 करोड रुपए की लागत का है। इससे यहां माल वाहक ट्रेनों की आवाजाही बढ़ेगी और रोजगार के भी अवसर बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *