संगीत महिला समूह ने स्थापना दिवस पर महिलाओं के बीच कंबल एवं सिलाई मशीन का किया वितरण

रांची: संगीत महिला समूह ने रविवार को अपना स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाते हुए संगठन की दसवीं वर्षगांठ पूरी की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने संगीत महिला समूह द्वारा पिछले दस वर्षों से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जमकर सराहना की।
महुआ माजी ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही हैं। ऐसे में संगीत महिला समूह जैसे संगठन महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना ही सशक्त समाज की नींव है। इस दौरान सांसद ने जरूरतमंद महिलाओं के बीच सिलाई मशीन का वितरण भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगीत महिला समूह की अध्यक्ष संगीता कच्छप ने की। उन्होंने बताया कि समूह लगातार समाज की महिलाओं के बीच आवश्यक सामग्रियों का वितरण करता आ रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ रहा है। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया गया, वहीं हरमू यमुना नगर की 15 महिलाओं को सिलाई मशीन प्रदान की गई।
संगीता कच्छप ने कहा कि समूह का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। हाल ही में मशरूम उत्पादन के कार्य से 30 महिलाओं को जोड़ा गया है, जिससे उन्हें स्थायी आय का साधन मिला है।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने सभी को आकर्षित किया। इस मौके पर समाजसेवी सूरज तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष सरिता मिंज, सचिव अन्नपूर्णा देवी, कोषाध्यक्ष अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *