सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में बवाल: अचानक नौकरी खत्म की तो भड़के कर्मचारी, नई कंपनी ने दिया सुरक्षा का भरोसा

भागलपुर। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रबंधन ने ड्रेसर, वार्ड अटेंडेंट, टेक्नीशियन और डाटा ऑपरेटर समेत कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का फैसला सुना दिया। आदेश की खबर मिलते ही कर्मचारियों में गुस्सा फूट पड़ा और सभी मुख्य द्वार पर जमा होकर प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे।

इन कर्मचारियों की नियुक्ति प्रारंभ में अंतरा कंपनी के माध्यम से हुई थी। लेकिन हाल ही में हॉस्पिटल प्रबंधन ने सेवा प्रदाता बदलते हुए कामकाज अंग विकास परिषद कंपनी को सौंप दिया। कंपनी बदलने के इस फैसले ने एक झटके में 61 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट खड़ा कर दिया।

विरोध बढ़ा, तो मौके पर पहुंचीं कंपनीक की टीम

हंगामा बढ़ता देख अंग विकास परिषद कंपनी के प्रतिनिधि तुरंत हॉस्पिटल पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि – सभी 61 कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित रहेगी, किसी को हटाया नहीं जाएगा, नोडल पदाधिकारी से चर्चा कर जल्द ही लिखित निर्णय जारी किया जाएगा।

कंपनी की इस आश्वस्ति के बाद कर्मचारियों का तनाव कुछ कम हुआ, लेकिन वे लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि ‘सालों की सेवा के बाद अचानक नौकरी छीन लेना अन्याय है। जब अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, तो कर्मचारियों को हटाने का कोई तुक नहीं बनता।’

स्थिति फिलहाल नियंत्रण में, लेकिन इंतजार लिखित फैसले का

प्रबंधन के निर्णय और कंपनी के आश्वासन के बीच कर्मचारी अब आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। मौके पर फिलहाल स्थिति शांत है, मगर कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित आदेश नहीं मिलता, उनकी चिंता दूर नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *