उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आईटीडीए एवं जिला कल्याण विभाग अंतर्गत योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक

गणादेश,खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आईटीडीए (समवर्ती आदिवासी विकास अभिकरण) एवं जिला कल्याण विभाग, खूंटी द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं — प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, कब्रिस्तान एवं सरना-मसना स्थल घेराबंदी, धूम कुड़िया भवन निर्माण, आदि आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री जन मन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य सहित अन्य महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की।

इस दौरान उपायुक्त ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभार्थियों तक पहुंच, कार्यान्वयन प्रक्रिया एवं व्यावहारिक प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में गति लाएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। योजनाओं के निष्पादन में पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल देने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के बेहतर संचालन पर जोर देते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लाभुकों की पहचान, पात्रता सत्यापन एवं ऋण स्वीकृति से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने को कहा। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रखंडों से लाभुकों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराएं तथा योग्य लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर कियोस्क आवंटित करें, जिससे योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पात्र लाभार्थियों को प्राप्त हो सके।

उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे सभी निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रमोद राम, जिला शिक्षा अधीक्षक, भवन निर्माण निगम, पीएचईडी, विद्युत विभाग, एनआरईपी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *