स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
भागलपुर। आगामी 15 अगस्त, 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
बैठक में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्य समारोह की तैयारियों को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का रूपरेखा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 8:00 बजे जिलाधिकारी अपने आवासीय कार्यालय में झंडोत्तोलन करेंगे। मुख्य समारोह सैंडिस कंपाउंड में 9:00 बजे पूर्वाह्न झंडोत्तोलन के साथ आरंभ होगा।
इसके पश्चात विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर माल्यार्पण एवं झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होंगे:
9:45 बजे: आयुक्त कार्यालय
10:00 बजे: आरक्षी महानिरीक्षक कार्यालय
10:15 बजे: समाहरणालय एवं राजा राममोहन राय की प्रतिमा
10:25 बजे: अनुमंडल कार्यालय, सदर
तत्पश्चात: वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन एवं महादलित टोला
परेड व सुरक्षा व्यवस्था
मुख्य समारोह में सीटीएस, नाथनगर बैंड, बीएमपी, गृह रक्षा वाहिनी, जिला पुलिस बल, मद्य निषेध विभाग, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड की टुकड़ियाँ भाग लेंगी। दो सर्वश्रेष्ठ परेड टुकड़ियों तथा दो बच्चों की परेड टुकड़ियों को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में चयनित कर पुरस्कृत किया जाएगा।
परेड पूर्वाभ्यास 6 अगस्त से 14 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक सैंडिस कंपाउंड में किया जाएगा। अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण 13 अगस्त को 8:55 बजे पूर्वाह्न जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से करेंगे।
उद्घोषणा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रगान
मुख्य समारोह स्थल पर उद्घोषणा/कॉमेंट्री की व्यवस्था जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी एवं आकाशवाणी केंद्र, भागलपुर द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। उद्घोषणा के लिए श्री राकेश मुरारका, श्री मिलिंद गुंजन तथा एक अन्य एंकर की नियुक्ति की गई है।
राष्ट्रगान के लिए इस बार भी झुनझुनवाला बालिका उच्च विद्यालय एवं मोक्षदा इंटर बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं की दो टीमों की प्रस्तुति होगी।
सांस्कृतिक आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक टाउन हॉल, भागलपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कस्तूरबा विद्यालय, किलकारी, सरकारी/निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतिभागियों का चयन जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कला संस्कृति पदाधिकारी द्वारा आवेदन और ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा।
महापुरुषों की प्रतिमाओं का रखरखाव
शहरी क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, रंगाई-पुताई व प्रकाश की व्यवस्था संबंधित विभागों/संस्थाओं द्वारा की जाएगी। इसका अनुश्रवण अनुमंडल पदाधिकारी, सदर द्वारा किया जाएगा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा (कचहरी चौक) की देखरेख एसबीआई, भागलपुर द्वारा एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा (स्टेशन चौक) की देखरेख भागलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा की जाएगी, जैसा कि पूर्व वर्षों में होता रहा है।
उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसम्पर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन, भागलपुर सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



