खूंटी में घरेलू गैस के लिए हाहाकार, रातभर लाइन में लगने को मजबूर उपभोक्ता

खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर गंभीर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सरकार भले ही गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए रातभर लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
खूंटी स्थित बिरसा गैस एजेंसी के बाहर हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। जिस दिन गैस लोडिंग वाहन आने की सूचना मिलती है, उसी रात से महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग लंबी कतारों में लग जाते हैं। यह नजारा किसी आपातकालीन स्थिति से कम नहीं होता, जहां लोगों को अपनी बारी के इंतजार में पूरी रात जागना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। अचानक बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित वितरण को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस बीच गैस वितरण में अनियमितता या कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
इधर, मुरह क्षेत्र से यह भी शिकायत सामने आई है कि भारत गैस एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर के साथ पाइप खरीदना अनिवार्य किया जा रहा है। यदि यह सही है, तो यह उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।
मुरह उप प्रमुख अरुण साबू ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
वहीं, खूंटी प्रशासन से मांग की गई है कि गैस आपूर्ति से जुड़े एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर नियमित, पारदर्शी और सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *