रांची के पंडरा ओपी में पुलिस हिरासत में महिला की आत्महत्या की कोशिश, निगरानी पर उठे सवाल

रांची : के पंडरा ओपी परिसर में पुलिस हिरासत के दौरान एक महिला द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पंडरा ओपी पुलिस मंगलवार रात दिनेश कुमार और उनकी पत्नी अंजली सिन्हा को पूछताछ के लिए हिरासत में लाई थी। देर रात दोनों से पूछताछ की गई और पूरी रात थाने में रखा गया।

दिनेश कुमार के अनुसार, दोनों को लॉकअप में नहीं बल्कि थाने के एक कमरे में साथ बैठाया गया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे तक दोनों साथ थे। वह कुछ देर के लिए कमरे से बाहर निकले, तभी उनकी पत्नी ने अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। दिनेश का दावा है कि कमरे के बाहर कई पुलिसकर्मी, जिनमें एक महिला कांस्टेबल भी शामिल थी, तैनात थे। ऐसे में महिला ने यह कदम कैसे उठा लिया, इस पर पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि महिला को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात भी बरामद किए गए। एसपी के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच महिला एक केबिन में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *