अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर केनरा बैंक में कार्यक्रम का आयोजन

रांची: केनरा बैंक अंचल कार्यालय में महाप्रबंधक व अंचल प्रमुख श्रीनाथ जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार में वित्त विभाग के विशेष सचिव श्रीमती दीप्ति जयराज एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा उपस्थित रही। स्वागत सम्बोधन सुनील कुमार ने प्रस्तुत किया तथा सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। महाप्रबंधक श्रीनाथ जोशी ने घर, समाज, देश, बैंक एवं विभिन्न कार्यस्थल में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला। श्रीमती दीप्ति जयराज ने महिला सशक्तिकरण एवं पहले और वर्तमान समय में महिलाओं के प्रति समाज के दृष्टिकोण में आए बदलाव पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वयं के लिए थोड़ा समय निकालकर अपनी रुचियों को पूरा करना चाहिए। अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देना चाहिए। श्रीमती असुंता लकड़ा ने आदिवासी समाज में हुए महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए अपने संघर्ष के बारे में बताया और सभी को प्रोत्साहित किया। श्री वाई.डी.शर्मा, उप महाप्रबंधक ने देश के विकास में महिला उद्यमियों के योगदान पर प्रकाश डाला। विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि श्रीमती राजश्री जोशी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए अपनी सुमधुर आवाज में गीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर केनरा बैंक की महिला कर्मचारियों ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटक – “उड़ान” का मंचन किया तथा समूह गीत भी प्रस्तुत किया। केनरा बैंक के सी. ई. डी. कार्यक्रम के अंतर्गत “केनरा बाजार” का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसमें काफी संख्या में लोगों ने अपना सहयोग प्रदान किया। राष्ट्र निर्माण हेतु स्वयं सहायता समूहों तथा महिला उद्यमियों का महत्वपूर्ण योगदान है। कारोलूस तिरू, मंडल प्रबंधक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अंचल कार्यालय के सभी कार्यपालकगण एवं अधिकारीगण ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *