रांची में आलू क्रेता-विक्रेता सम्मेलन, यूपी के उत्पादकों और झारखंड के व्यापारियों में हुआ समझौता
रांची: उत्तर प्रदेश में उत्पादित 30 से 40 प्रतिशत आलू के अन्य राज्यों में विपणन और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हाफेड लखनऊ द्वारा होटल पर्ल रोजिन्सी, रांची में आलू क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के उद्यान विभाग के विशेष सचिव प्रदीप हजारी ने किया।
सम्मेलन का संचालन हाफेड लखनऊ के नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार सुमन ने किया। इस अवसर पर लखनऊ के उद्यान अधिकारी भूषण प्रताप सिंह ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं नोडल अधिकारी ने उत्तर प्रदेश में आलू के उत्पादन, भंडारण, विपणन और निर्यात से संबंधित प्रस्तुति देते हुए बायर-सेलर मीट के उद्देश्य को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम में यूपी से आए आलू उत्पादकों और रांची के आलू व्यापारियों के बीच व्यापक विचार-विमर्श हुआ। उत्पादकों ने विभिन्न किस्मों के आलू के नमूने प्रदर्शित किए। इस दौरान आलू के विपणन को लेकर उत्पादकों और व्यापारियों के बीच कई समझौते भी हुए। आलू ट्रेडर्स सेल के सचिव मदन ने रांची में आलू की मांग, दर और प्रजातियों की जानकारी साझा की।
विशेष सचिव प्रदीप हजारी ने हाफेड की इस पहल की सराहना करते हुए इसे किसानों और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम के तहत आलू उत्पादकों ने रांची की 15 आलू मंडियों का भ्रमण भी किया। सम्मेलन में करीब 50 से 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी एस. के. सुमन ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन के समापन की घोषणा की।



