कुशासन के खिलाफ वोट करेगी मांडर की जनता : सुदेश कुमार महतो

रांची। मांडर की जनता सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र को लेकर नहीं बल्कि पूरे राज्य में व्याप्त कुशासन के खिलाफ वोट करेगी।

वर्तमान सरकार झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। झामुमो महागठबंधन ने सरकार और जनता के बीच की विश्वास की डोरी को कमजोर कर दिया। ढाई वर्षों में विकास का कोई कार्य नहीं हुआ। ग्राम सभा, पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर करने में भी इस सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी।

उक्त बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो ने मांडर उपचुनाव को लेकर बिजुपाड़ा एवं चान्हो मंडल में आयोजित जन चौपाल में कही।

साथ ही उन्होंने कहा कि आज राज्य में अफसरशाही इस कदर हावी है कि छोटे-छोटे कार्यों को लेकर जनता को प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में कितने आवेदन आए और कितनी समस्याओं का निराकरण हुआ, इसका रिपोर्ट सरकार ने अबतक नहीं दिया।

कहा कि राज्य में दो सालों से शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। कोराेना के नाम पर सरकार ने सिर्फ समय काटा। बच्चों को पढ़ाई हेतु समुचित संसाधन उपलब्ध नही कराये गए। यह राज्य के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की दिशा में इस सरकार ने एक भी कार्य नहीं किया।

ज्ञात हो कि आगामी 23 जून को मांडर विधानसभा के लिए उपचुनाव निर्धारित है। इसी क्रम में आज बिजुपाड़ा एवं चान्हो मंडल में आयोजित जन चौपाल में श्री सुदेश कुमार महतो ने जनता से सीधा संवाद कर एनडीए की उम्मीदवार एवं भाजपा नेत्री श्रीमती गंगोत्री कुजूर के पक्ष में वोट करने हेतु जनता से अपील की। आज जिन पंचायतों में श्री सुदेश कुमार महतो ने जन चौपाल को संबोधित किया उसमें करकट, पंड्री, पतरातु एवं रघुनाथपुर पंचायत मुख्य रूप से शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *