राज्यसभा चुनाव विवाद पर पप्पू यादव का हमला, बोले- “दही-चूड़ा खाकर अडानी-अंबानी के आगे बिक गए
पटना: झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। महागठबंधन के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस जहां अपनी हार के लिए राजद और भाकपा माले को जिम्मेदार ठहरा रही है, वहीं राजद और माले कांग्रेस नेताओं पर सौदेबाजी के आरोप लगा रहे हैं।
इसी बीच पूर्णिया से निर्दलीय सांसद Pappu Yadav ने राजद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजद अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और पार्टी में अब वैचारिक राजनीति की जगह स्वार्थ हावी हो गया है। पप्पू यादव ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव सिद्धांतवादी नेता रहे हैं, लेकिन अब पार्टी में उनकी विचारधारा का प्रभाव नहीं दिखता।
राजद के मंत्रियों और विधायकों का नाम लिए बिना उन्होंने आरोप लगाया कि “दही-चूड़ा खाकर अडानी-अंबानी के आगे बिक गए।” उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण महागठबंधन प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।
पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग करते हुए कहा कि ऐसे दल और नेताओं को सरकार से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए, जो गठबंधन की भावना के खिलाफ काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राजद में संघर्षशील नेतृत्व का अभाव है और कुछ नेता बड़े उद्योगपतियों के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर ऐसे नेताओं को जवाब देगी। पप्पू यादव के इस बयान के बाद झारखंड और बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है, जबकि राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर तनाव अभी भी बरकरार है।



