पुंदाग में 19 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत, दो मंजिला इमारत से कूदकर दी जान
रांची : राजधानी रांची के पुंदाग इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। महज 19 वर्ष की एक युवती ने दो मंजिला इमारत की छत से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान बोकारो जिले की रहने वाली नेहा सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले चार महीने से पुंदाग में किराए के कमरे में रहकर नौकरी कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक नेहा एक प्रोडक्ट सेलिंग कंपनी में कार्यरत थी। जिस मकान में वह रहती थी, वहां उसके साथ चार अन्य सहेलियां भी रहती थीं। घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे के आसपास हुई। मकान मालिक ने छत से गिरने की आवाज और अफरा-तफरी सुनते ही बाहर आकर देखा, तो नेहा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना से कुछ देर पहले नेहा अपने कमरे में अकेली थी, जबकि उसकी सहेलियां दूसरे कमरे में थीं।
पुलिस ने मृतका के साथ रहने वाली सहेलियों और मकान मालिक से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन निजी जीवन में किसी तनाव या विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, और उनके रांची पहुंचने के बाद आगे की जांच में तेजी लाई जाएगी।
मकान मालिक राजू कुमार के अनुसार नेहा शांत स्वभाव की थी और आसपास के लोगों से कम ही बातचीत करती थी। इस तरह की घटना होगी हमलोग सोचे भी नहीं थे।



