एक दिन की बारिश ने खोल दी सिस्टम की पोल: भूसुर पुल पर बहा पानी, एयरपोर्ट का वैकल्पिक और क्षेत्र का मुख्य मार्ग हुआ प्रभावित

रांची : राजधानी रांची के वार्ड-49 अंतर्गत डोरंडा स्थित भूसुर पुल पर एक दिन की बारिश ने वर्षों पुरानी समस्या को फिर उजागर कर दिया। डोरंडा मनीटोला को एयरपोर्ट से जोड़ने वाला यह पुल एयरपोर्ट का महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का मुख्य आवागमन मार्ग भी है। लेकिन बारिश के बाद पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई और पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया।
यह कोई पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार हर वर्ष बारिश के दौरान भूसुर पुल जलमग्न हो जाता है और पुल के ऊपर से पानी बहने लगता है। ऐसे में रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले हजारों लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।मौके पर पहुंचीं वार्ड-49 की पार्षद जमीला खातून ने स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि पुल पर इस तरह पानी बहना बेहद खतरनाक है और यहां कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
उन्होंने बताया कि बारिश से पहले नए पुल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार हो चुका है।अब आवश्यकता है कि इसे जल्द से जल्द स्वीकृति देकर नए पुल का निर्माण कराया जाए,ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *