बिरसा कॉलेज की प्राचार्या जी किड़ो के सेवानिवृत्ति पर चैरिटेबल ट्रस्ट ने बुके और अंग वस्त्र भेंट कर किया सम्मानित
खूंटी : बिरसा कॉलेज की प्राचार्या जी किड़ो के सेवानिवृत्ति पर आयोजित विदाई समारोह पर हंस चैरिटेबल ट्रस्ट ने बुके और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। ट्रस्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर शिवप्रसाद चौबे और निदेशक सयूम अंसारी ने उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए उनके शैक्षणिक योगदान की सराहना की।
मौके पर सयूम अंसारी ने कहा प्रिंसिपल मैडम के आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति के कारण ही आज खूंटी जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में आईएएस, आईपीएस और जेपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बिरसा कॉलेज में संभव हो पाई है। यहां के गरीब से गरीब आदिवासी छात्र-छात्राएं बिना किसी शुल्क के पढ़ाई कर रहे हैं और भविष्य में कॉलेज का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि इस शैक्षणिक वातावरण और ट्रस्ट की स्थापना में प्राचार्या जरमाईन कल्लू किरू का बड़ा योगदान रहा है। आज खूंटी के छात्र-छात्राओं को जेपीएससी जैसी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर अपने ही जिले में मिल रहा है। हम झारखंड सरकार से अपील करते हैं कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को हर महीने छात्रवृत्ति देने की योजना लागू की जाए, ताकि कोई छात्र आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
इस गरिमामयी मौके पर सिलवंती कुमारी, शालू मुंडू, विक्की राम, आशिमा मुंदरी और अजय कुमार सहित हंस चैरिटेबल ट्रस्ट की टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में प्राचार्या के सेवा-समर्पण और उनके प्रेरणादायक नेतृत्व की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।



