पाला बदलने के सवाल पर बोले विधायक जेपी पटेल,समय की मांग को देखकर उठाया यह कदम..

रांची: कुछ दिन पहले दिल्ली में भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शनिवार को रांची पहुंचे मांडू विधायक जेपी पटेल का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया।

विधायक का स्वागत करने मांडू से भी सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक रांची पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर विधायक को मीडिया के सवालों का सामना करना पड़ा। पाला बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समय की मांग थी। उचित समय पर मैंने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि मैंने अचानक से जेएमएम को भी छोड़ा था। विधायक ने कहा कि मेरे पिता जी स्वागीय टेकलाल महतो के सपने को भाजपा में रहकर मैं पूरा नहीं कर पा रहा था। उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने में सक्षम नहीं हो रहा था। इसलिए मुझे चेंज करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने टिकट देकर विधायक बनाया, यह मैं मानता हूं।लेकिन जय प्रकाश पटेल कोई प्रखंड अध्यक्ष या भाजपा का मंडल अध्यक्ष नहीं था। जेपी पटेल पहले से दो बार का विधायक और एक बार मंत्री रह चुका है।
राजनीति में समय के अनुसार चलना पड़ता है। सीएम नीतीश और पीएम मोदी एक समय एक दूसरे के विरोधी थे। लेकिन सत्ता के लालच में फिर से एक दूसरे के साथ हाथ मिलाने का काम किया। इसलिए राजनीति में सब कुछ संभव है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उसके सहयोगी के साथ कोई राज्यों में गठबंधन टूट रहा है। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति कमजोर हो जायेगी। वहीं गठबंधन में अपनी भूमिका पर कहा कि संगठन जो भी जिम्मेवारी देगी उसका पालन करूंगा। हजारीबाग से पार्टी टिकट देगी और मैं लडूंगा और जीतूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *