अब राजद विधायक सुरेश पासवान की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली मैक्स अस्पताल में भर्ती..
रांची : झारखंड में सत्तारूढ़ हेमंत सोरेन गठबंधन के सहयोगी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक सुरेश पासवान की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक सुरेश पासवान दिल्ली दौरे पर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका शुगर लेवल तेजी से डाउन हो गया, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई। उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा है। सूत्रों के मुताबिक अब उनकी हालत पहले से बेहतर है, लेकिन पूरी तरह खतरे से बाहर होने तक उन्हें अस्पताल में ही रखा जाएगा।
राजद खेमे और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों में विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर से चिंता का माहौल है। उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी नेता लगातार चिकित्सकों से संपर्क बनाए हुए हैं। झारखंड की राजनीति में सक्रिय सुरेश पासवान अपनी सादगी और जनता से जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से झारखंड के कई माननीयों की तबीयत बिगड़ रही है। एक सप्ताह पहले अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजउल हसन अंसारी की तबीयत भी खराब हो गई थी। उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली अपोलो अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां अभी भी उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
लगातार जनप्रतिनिधियों के बीमार पड़ने की घटनाओं से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। लोग स्वास्थ्य सुविधाओं और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं। वहीं, समर्थक और शुभचिंतक दोनों ही नेताओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।



